बुढाना पुलिस ने चार संदिग्धों को दबोचा, अवैध हथियारों का जखीरा बरामद,

मुजफ्फरनगर जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में थाना बुढाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढाना गजेन्द्र पाल सिंह और थाना प्रभारी बुढाना सुभाष अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम रात्रि के समय संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।

चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बुढाना-काधला मार्ग से विज्ञाना जाने वाले रास्ते पर एचपी गैस गोदाम के पास कुछ संदिग्ध लोग मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां चार संदिग्ध व्यक्ति खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही सभी संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया। आवश्यक बल प्रयोग करते हुए चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल .32 बोर, तीन अवैध तमंचे तथा दो जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार बरामद हथियार किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की आशंका को दर्शाते हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, जिससे आम जनता में सुरक्षा का माहौल बना रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts