मुजफ्फरनगर में विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों पर कठोर एवं सुनियोजित प्रशिक्षण पूरा करने के बाद जनपद में नई तैनाती प्राप्त महिला आरक्षियों को 26 अप्रैल 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देश्यीय हॉल में संबोधित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने महिला आरक्षियों को उनके कर्तव्यों के प्रति निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसमें प्रत्येक पुलिसकर्मी की भूमिका अत्यंत अहम होती है।
एसएसपी ने महिला आरक्षियों को आमजन के साथ विनम्र व्यवहार रखने, उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनने और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से महिला अपराधों के प्रति सतर्क रहने और पीड़ितों के साथ सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मियों की भूमिका समाज में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व विश्वास को मजबूत करने में बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति अभियान का उल्लेख करते हुए बताया गया कि इस अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करना प्राथमिकता है, जिसमें महिला पुलिस की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
इसके अलावा आधुनिक पुलिसिंग के अनुरूप महिला आरक्षियों को कंप्यूटर कार्यों में दक्ष बनने, पुलिस पोर्टल्स पर काम करने, डाटा एंट्री व ऑनलाइन रिपोर्टिंग को समयबद्ध और शुद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यक्ष ऐप सहित अन्य उपयोगी एप्लीकेशनों के प्रभावी इस्तेमाल की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता, सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग और टीम वर्क पर भी मार्गदर्शन दिया गया। इस मौके पर सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ मिश्रा और क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋृषिका सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।























































