सांसद इकरा हसन के अपमान पर समाजवादी पार्टी का विरोध प्रदर्शन,

मुजफ्फरनगर। कैराना लोकसभा क्षेत्र की सांसद इकरा हसन के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में समाजवादी पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष जिया चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन कर सहारनपुर के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि महिला सांसद और जनप्रतिनिधि के साथ एडीएम प्रशासन का व्यवहार बेहद निंदनीय है, जो बेलगाम नौकरशाही की स्थिति को दर्शाता है।ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने मांग की कि संबंधित अधिकारी पर विशेषाधिकार हनन और दुर्व्यवहार के लिए सख्त दंडात्मक कार्यवाही की जाए। प्रदर्शन के दौरान जिला अध्यक्ष जिया चौधरी और चरथावल विधायक पंकज मलिक ने कहा कि यदि अफसर जनप्रतिनिधियों से ऐसा व्यवहार कर सकते हैं तो आम जनता के साथ उनके व्यवहार का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इकरा हसन का अपमान केवल एक सांसद का नहीं बल्कि लोकतंत्र का अपमान है, जिसे समाजवादी पार्टी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अधिकारियों का यह रवैया लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए खतरा है और यदि समय रहते कठोर कदम नहीं उठाए गए तो पार्टी बड़ा आंदोलन शुरू करेगी। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजकुमार यादव, राकेश शर्मा, हाजी लियाकत अली, गौरव जैन, चौधरी इलम सिंह गुर्जर, विनय पाल सिंह, ठाकुर सुखपाल सिंह, विकिल गोल्डी अहलावत, सोमपाल सिंह कोरी, धर्मेंद्र सिंह नीटू, पवन बंसल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।इसके अलावा सपा अल्पसंख्यक सभा, महिला सभा, यूथ ब्रिगेड, सोशल मीडिया टीम समेत कई इकाइयों के पदाधिकारियों ने भी प्रदर्शन में भाग लिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि अफसरशाही की मनमानी के खिलाफ पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts