मुजफ्फरनगर। भाजपा सरकार द्वारा छात्रों की संख्या कम होने का हवाला देकर सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने के निर्णय के विरोध में समाजवादी महिला सभा ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। यह धरना प्रदर्शन समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव के आह्वान पर आयोजित किया गया। जिले में इसका नेतृत्व महिला सभा की जिलाध्यक्ष सुषमा सैनी ने किया।प्रदर्शनकारियों ने सपा कार्यालय से महावीर चौक, प्रकाश चौक होते हुए कचहरी तक मार्च निकाला और नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर धरना दिया। जिलाध्यक्ष सुषमा सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार का यह फैसला गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक बच्चों को शिक्षा से वंचित करने की साजिश है। सरकार सरकारी स्कूल बंद कर शिक्षा को निजी महंगे संस्थानों के हवाले करना चाहती है। उन्होंने इस निर्णय को तानाशाही और शिक्षा विरोधी बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की।महिला सभा की प्रदेश सचिव अनिता कश्यप और महानगर अध्यक्ष हिमानी सिंह ने कहा कि सरकारी स्कूलों के बंद होने से हजारों रसोई माताओं की आजीविका पर संकट मंडरा गया है। यह महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन के प्रयासों पर सीधा हमला है। उन्होंने शिक्षा के अधिकार को सुरक्षित रखने के लिए इस फैसले को तुरंत बदलने की मांग की।प्रदर्शन के अंत में सैकड़ों महिला पदाधिकारियों ने जोरदार नारेबाजी के साथ राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस दौरान अनिता कश्यप, पूजा अंबेडकर, हिमानी सिंह, वकीला बेगम, ऋतु देवी, ममता देवी, सुषमा पाल, राजकुमारी सैनी, सोनिया सैनी, सुमन सेन, काजल कुमारी, सुशीला, निशा कात्यान, पिंकी सैनी, पार्वती यादव, शीशा कोरी, संतोष सैनी, पिंकी कश्यप सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता और समाजवादी पार्टी के नेता श्यामलाल बच्ची सैनी, साजिद हसन, दर्शन सिंह धनगर, डॉ नरेश विश्वकर्मा, डॉ इसरार अल्वी, सलमान त्यागी, नदीम मलिक, नावेद रंगरेज, सादिक एडवोकेट आदि मौजूद रहे।















