मुज़फ्फरनगर। बुढाना तहसील की उपजिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आईं। दबंग, निष्पक्ष और तेजतर्रार कार्यशैली के लिए पहचानी जाने वाली एसडीएम ने इस बार अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की।प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक किसान ने फोन पर शिकायत की कि उसकी निजी जमीन से कुछ दबंग लोग जबरदस्ती मिट्टी उठाकर अवैध खनन कर रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने तत्काल स्वयं मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।मौके से एक मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया, जिसे बाद में बुढाना कोतवाली ले जाकर सीज कर दिया गया।एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने बताया कि उन्हें जैसे ही शिकायत प्राप्त हुई, उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर निरीक्षण किया। मौके पर अवैध खनन होता पाया गया और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई। इस संबंध में जुर्माने की कार्रवाई हेतु रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है।उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी।















