मुज़फ्फरनगर। रोटरी क्लब मुज़फ्फरनगर मिडटाउन द्वारा ग्राम चांदपुर के कंपोजिट विद्यालय में एक आधुनिक कंप्यूटर लैब का लोकार्पण किया गया। इस पहल की शुरुआत ग्राम प्रधान सुनील कुमार के आग्रह पर की गई थी, जिसमें उन्होंने क्लब सदस्य भाजपा नेत्री ममता अग्रवाल और विपुल भटनागर से विद्यालय में कंप्यूटर लैब स्थापित करने का अनुरोध किया था।क्लब सदस्यों ने सामूहिक प्रयास से इस सुझाव को साकार किया और छात्रों के लिए तकनीकी शिक्षा का द्वार खोलते हुए कंप्यूटर लैब की स्थापना की। इस लैब के माध्यम से विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों और अध्यापिकाओं को कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जो आज के डिजिटल युग में अत्यंत आवश्यक है।ग्राम प्रधान सुनील कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि कंप्यूटरों की नियमित देखभाल की जाएगी और इनका भरपूर उपयोग कर विद्यार्थियों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाया जाएगा।इस लोकार्पण समारोह में क्लब के कई सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें विपुल भटनागर, ममता अग्रवाल, अध्यक्ष कौशल कृष्ण, सचिव नरेश शर्मा, निशंक जैन, विनय सिंघल, अमित कुच्छल, मनोज गुप्ता, उमेश गोयल, कुलदीप भारद्वाज, सुनील अग्रवाल आदि शामिल थे।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्योगपति एवं समाजसेवी संजीव जैन रहे, जिन्होंने क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में जब भी किसी जनहित कार्य के लिए उनकी आवश्यकता होगी, वे हर संभव सहयोग देने को तत्पर रहेंगे।इस पहल से न केवल विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा की दिशा में मार्गदर्शन मिलेगा, बल्कि ग्राम चांदपुर के विकास में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।















