अलवर में रीट लेवल 2 की परीक्षा का आयोजन सख्त निगरानी में किया गया, जिसमें 74 परीक्षा केंद्रों पर 22,059 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इस परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश में 14 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि आज करीब 5,41,598 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। नकल रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए गए, जिसमें पहली बार एडमिट कार्ड पर QR कोड से स्कैनिंग की व्यवस्था लागू की गई, ताकि डमी उम्मीदवारों को रोका जा सके।
कई केंद्रों पर निर्धारित समय के नौ मिनट बाद तक प्रवेश दिया गया, लेकिन अधिकांश जगहों पर ठीक 9 बजे गेट बंद कर दिए गए, जिससे लेट आने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा से वंचित रहना पड़ा। सुरक्षा नियमों के तहत महिलाओं को मंगलसूत्र, गहने और दुपट्टा हटाने के निर्देश दिए गए।दिल्ली के शाहीन बाग से परीक्षा देने पहुंचे नेत्रहीन परीक्षार्थी मोहम्मद शोएब अली ने बताया कि वह अपने भाई के साथ आए हैं और पहले भी कई बार परीक्षा दे चुके हैं। उन्होंने यूट्यूब पर उपलब्ध वीडियो की मदद से परीक्षा की तैयारी की थी।















