मुज़फ्फरनगर के खतौली ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर कैलोरा में वर्षों से जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण ग्रामीणों को जलभराव की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी हो रही थी। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और गंदगी से बीमारियों का खतरा बना हुआ था, जिससे 50 से 60 परिवार प्रभावित थे। ग्रामीण कई बार ब्लॉक अधिकारियों से शिकायत कर चुके थे, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। शनिवार को तहसील दिवस में ग्रामीणों ने एसडीएम मोनालिसा जौहरी से गुहार लगाई। एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से एक संयुक्त टीम का गठन किया जिसमें जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल शामिल थे। टीम ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर दो जेसीबी मशीनों की सहायता से आपसी सहमति से नाले की खुदाई शुरू करवाई। इससे जल निकासी की समस्या का समाधान हो गया। ग्रामीणों ने एसडीएम और उनकी टीम की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के लिए आभार जताया।















