राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र के टहला थाना अंतर्गत ऐतिहासिक पर्यटक स्थल भानगढ़ में बीती रात अज्ञात चोर बालाजी मंदिर से गदा चोरी कर ले गए। इस घटना को लेकर सीसीटीवी में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आ रहा है। सूचना मिलने पर ग्रामीण और टहला पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। हैरानी की बात यह है कि भारतीय पुरातत्व विभाग के अधीन लगे सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज के सुरक्षा गार्ड 24 घंटे निगरानी ड्यूटी पर तैनात रहने के बावजूद चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि प्रतिदिन की तरह उन्होंने सांय आरती के बाद मंदिर बंद कर दिया था, लेकिन सुबह आने पर हनुमान जी की गदा गायब मिली। भानगढ़ के मुख्य प्रवेश द्वार के अंदर पर्यटन विभाग के सुरक्षा अधिकारी भी तैनात रहते हैं, फिर भी यह घटना हुई। गदा चोरी होने से भक्तों में भारी आक्रोश है और उन्होंने जल्द कार्यवाही की मांग की है। भक्तों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कोई कदम नहीं उठाया गया तो वे उचित कार्रवाई करेंगे। वहीं, टहला पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।















