राजगढ़ (अलवर) कस्बे के कुंड मोहल्ला निवासी ऋषभ विजय ने कुछ लोगों द्वारा प्रताड़ित करने और पैसे ऐंठने से परेशान होकर विषाक्त पदार्थ सेवन कर आत्महत्या कर ली। इस मामले में ऋषभ ने एक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें तीन लोगों पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।

धरना प्रदर्शन और विरोध जुलूस
इस घटना से आक्रोशित सर्व समाज, व्यापारियों और अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने शनिवार को चौपड़ बाजार स्थित चौक पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ऋषभ को न्याय दिलाने और आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की।इसके बाद नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला गया, जो चौपड़ बाजार से उपखंड मुख्यालय तक पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रशासन ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है और दोषियों पर जल्द कार्रवाई करने की बात कही है।















