शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार, एसीबी ने रिश्वतखोर अधिकारी को दबोचा

जयपुर एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी धौलपुर इकाई ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय (प्रारम्भिक शिक्षा) भरतपुर में प्रशासनिक अधिकारी श्री सुनील कुमार गोयल को ₹7,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस डॉ. रवि प्रकाश मेहरडा ने बताया कि एसीबी चौकी धौलपुर को एक शिकायत मिली थी, जिसमें परिवादी ने आरोप लगाया कि उसके प्राइवेट स्कूल को शाला दर्पण पोर्टल पर अपडेट करने के एवज में आरोपी द्वारा ₹10,000 की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत के आधार पर एसीबी भरतपुर रेंज के उपमहानिरीक्षक राजेश सिंह के सुपरविजन में, एसीबी चौकी धौलपुर के पुलिस उपाधीक्षक सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी सुनील कुमार गोयल को ₹7,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर एसीबी द्वारा अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts