बांदा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विधायी समाधिकार समिति के सभापति डॉ. मान सिंह यादव की अध्यक्षता में बांदा के सर्किट हाउस सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद बांदा, हमीरपुर एवं महोबा के जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी बांदा ने समिति के सभापति, सदस्य ओम प्रकाश सिंह सहित अन्य सदस्यों का स्वागत किया।
सभापति डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विधान परिषद व विधानसभा सदस्यों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों एवं आवेदनों का निस्तारण समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि समितियों का कार्य संविधान में निहित नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करना है। जनप्रतिनिधियों द्वारा चयनित निर्माण परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कर लोकार्पण के समय पट्टशिला पर उनके नाम अंकित किए जाएं।
बैठक में विगत तीन वर्षों में प्राप्त प्रस्तावों की स्थिति, प्रगति एवं निस्तारण की जानकारी समिति को दी गई। डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लम्बित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करते हुए समितियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें, क्योंकि ये समितियां लघु सदन के रूप में कार्य करती हैं और इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।इस अवसर पर समिति के सदस्यगण, उप सचिव, समीक्षा अधिकारी, तीनों जनपदों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।















