सिरोही जिला परिषद सभागार में बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक का आयोजन सांसद लुम्बाराम चौधरी की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, परम्परागत कृषि विकास योजना, मिड-डे-मील, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, समग्र शिक्षा अभियान, जल जीवन मिशन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं और प्रगति की समीक्षा की गई। सांसद चौधरी ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने और आवश्यक मामलों में उच्चाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बीएसएनएल नेटवर्क समस्याओं और आईसीडीएस में रिक्त पदों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत कार्यों की गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्णता पर जोर दिया। बैठक में जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित, जिला कलेक्टर अल्पा चौधरी, विभिन्न सरपंच, जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।















