रामगढ़ कस्बे के दिगंबर जैन समाज द्वारा महावीर जयंती पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। दिन की शुरुआत प्रातः प्रभात फेरी से हुई, जिसके बाद दिगंबर जैन मंदिर परिसर से भव्य रथयात्रा का शुभारंभ हुआ। लाभार्थी द्वारा भगवान महावीर का तिलक कर रथ को रवाना किया गया।
जैन समाज के प्रवक्ता अजीत प्रसाद जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि रथयात्रा मुख्य बाजार, चौपड़ बाजार, मुख्य मार्केट और अलवर-दिल्ली मार्ग होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और जगह-जगह जलपान की व्यवस्था भी की गई। मंदिर में पहुंचकर सामूहिक पूजा एवं दर्शन के बाद स्वामी वात्सल्य का आयोजन किया गया। इस दौरान महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों के साथ उत्सव में भाग लिया।
रात्रि 8 बजे दिगंबर जैन मंदिर में भव्य भक्ति संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं के नेतृत्व में संगीत के साथ श्रद्धालुओं ने भक्ति रस में सराबोर होकर भाग लिया। कार्यक्रम में भारी संख्या में धर्मप्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन में समाजसेवी अनिल जैन, नथू जैन, महावीर प्रसाद जैन, मनोज जैन, प्रतीक जैन, अंशुल जैन, आशीष जैन, रघुवीर प्रसाद जैन, आलोक जैन, रामदास जैन, रघुवर दयाल जैन, सुरेंद्र कुमार जैन, अजीत प्रसाद जैन, नानक चंद जैन, अमित जैन, सागर जैन सहित अनेक जैन समाज के सदस्य मौजूद रहे।















