राजगढ़ (अलवर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्म दिवस भगवान जगन्नाथ मंदिर परिसर में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और पूर्व पार्षद खेम सिंह आर्य के नेतृत्व में बड़े हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एकत्रित हुए और प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए देश के विकास और प्रगति की दिशा में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लायन्स क्लब अध्यक्ष प्रदीप महावर, प्रधानाचार्य भारत भूषण भट्ट, विजेंद्र मिश्रा, मदन मोहन, मनोज गुप्ता, गिर्राज अग्रवाल, गायत्री देवी सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। सभी ने इस अवसर पर एकजुट होकर यह संदेश दिया कि देश प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत और विश्व गुरु बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की नीतियों और योजनाओं की चर्चा करते हुए उन्हें गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए ऐतिहासिक बताया। साथ ही, मोदी सरकार द्वारा लागू किए गए विकास कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं को भारत की बदलती तस्वीर का प्रतीक बताया गया। उपस्थित लोगों ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने राजनीति में पारदर्शिता और जनसेवा की नई परिभाषा गढ़ी है।
जन्मदिवस के इस मौके पर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन के साथ-साथ सामाजिक एकता और सेवा भाव का संदेश भी दिया गया। सभी उपस्थितजनों ने मिलकर संकल्प लिया कि प्रधानमंत्री के विजन को धरातल तक पहुंचाने में हर संभव योगदान देंगे। कार्यक्रम का समापन देश की उन्नति और खुशहाली के लिए प्रार्थना के साथ किया गया।















