अलवर जिले में पानी में डूबकर मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा घटना मूसी महारानी की छतरी के पास बने सागर जलाशय की है, जहां सोमवार को एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लादिया मोहल्ला निवासी दीपक राजपूत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक कई दिनों से बीमार चल रहा था। सुबह वह घर से सागर जलाशय की ओर निकला था, जिसके बाद परिजनों को सूचना मिली कि जलाशय में एक युवक डूब गया है। घटना की जानकारी मिलते ही अखैपुरा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर ढाई बजे गोताखोरों ने दीपक का शव पानी से बाहर निकाला। शव मिलने की खबर से परिजनों और मोहल्ले में मातम पसर गया। परिजन अस्पताल पहुंचे तो उनकी आंखों से आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। वहीं पड़ोसी विनोद कुमार ने बताया कि दीपक घर से सुबह निकला था और कुछ देर बाद सूचना मिली कि उसका शव जलाशय में मिला है। इलाके के लोगों का कहना है कि सागर जलाशय में सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिसके कारण आए दिन डूबने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से जलाशय पर सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दुखद हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।















