मुजफ्फरनगर। आगामी शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्यों, वरिष्ठ शिक्षकों और केंद्र व्यवस्थापकों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर 2 और 3 जुलाई 2026 को प्रतिदिन दो पालियों तथा 4 जुलाई 2026 को प्रथम पाली में परीक्षा आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व की भांति इस बार भी परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन को सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों के कक्षों और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह क्रियाशील रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों से कहा कि परीक्षार्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाए तथा मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
भामाशाह जयंती पर मुजफ्फरनगर में व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन, उत्कृष्ट करदाताओं का हुआ सम्मान
बैठक में जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल, महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय तथा लाइन में प्रतीक्षा करने के दौरान छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिक्षक पात्रता परीक्षा की गरिमा और पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। यदि कोई असामाजिक तत्व, सॉल्वर गैंग या अन्य व्यक्ति परीक्षा में गड़बड़ी करने या शुचिता भंग करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न कॉलेजों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।















