मुज़फ्फरनगर ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुज़फ्फरनगर में योग सप्ताह की शुरुआत एक भव्य कार्यक्रम के साथ हुई। इस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के माध्यम से डॉ. वीरपाल निर्वाल और मुख्य विकास अधिकारी कड़ारकर कमल किशोर ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन अवसर पर डॉ. वीरपाल ने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग एक आध्यात्मिक अभ्यास है, जो न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक शांति भी प्रदान करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाएं और निरंतर अभ्यास करें, जिससे दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य सुनिश्चित हो सके।मुख्य विकास अधिकारी कड़ारकर कमल किशोर ने बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” निर्धारित की गई है। इस थीम के तहत योग को जन-जन तक पहुंचाने और वैश्विक स्तर पर भारत की इस प्राचीन परंपरा को प्रचारित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की एक विधा है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करता है।कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक होम्योपैथिक डॉ. नेत्रपाल सिंह ने बताया कि यह योग पखवाड़ा 15 जून से 21 जून 2025 तक जनपद के विभिन्न स्कूलों, सामाजिक संस्थाओं, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किया जाएगा। इसमें आयुष विभाग, शिक्षा विभाग, प्रशासनिक अधिकारी, योग प्रशिक्षक और स्वयंसेवी संस्थाएं सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं। इस पहल का उद्देश्य जन-जन को योग के लाभों से परिचित कराना है।इस अवसर पर जिले के कई प्रमुख अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिनमें जिला चिकित्साधिकारी होम्योपैथिक डॉ. अक्षय कादियान, क्षेत्रीय आयुर्वेद अधिकारी डॉ. इसमपाल, बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजीव कुमार, डॉ. अनुज निर्वाल, कैप्टन प्रवीण, कपिल त्यागी सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाएं और नागरिक शामिल रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने योगाभ्यास कर उत्साहपूर्वक भाग लिया।















