मुजफ्फरनगर में ग्यारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों से 100 से अधिक छात्र–छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरी दुनिया योग की महत्ता को समझ चुकी है। योग न केवल हमारे शारीरिक स्वास्थ्य के लिए उपयोगी है, बल्कि यह मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति भी प्रदान करता है।इस आयोजन में डीएवी इंटर कॉलेज, एसडी इंटर कॉलेज झांसी की रानी, एसडी इंटर कॉलेज गांधी कॉलोनी, जवाहर नवोदय विद्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज पुरकाजी और राजकीय इंटर कॉलेज शहर समेत कई विद्यालयों के छात्र–छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का संयोजन करते हुए प्रवक्ता कला प्रवीण कुमार सैनी ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकारें योग जैसे प्राचीन भारतीय ज्ञान को आधुनिक जीवनशैली में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी क्रम में आयुष विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा यह आयोजन किया गया।आयोजन में प्रमुख शिक्षकों और शिक्षाविदों ने भी भाग लिया, जिनमें डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार शर्मा, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसमपाल सिंह, एसडी इंटर कॉलेज गांधी कॉलोनी की शारीरिक शिक्षिका रचना रावत, राजकीय इंटर कॉलेज पुरकाजी की सहायक अध्यापक साक्षी देशवाल तथा सीमा रानी सहित अन्य शिक्षक शामिलरहे। सभी ने योग की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को इसे नियमित जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का समापन करते हुए प्रवीण कुमार शर्मा ने कहा कि योग केवल एक शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि यह मन, शरीर और आत्मा को जोड़ने का माध्यम है। योग के अभ्यास से विद्यार्थी न केवल तन से, बल्कि मन से भी मजबूत बनते हैं। उन्होंने सभी छात्रों से आग्रह किया कि वे योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर एक स्वस्थ और संतुलित जीवन की ओर अग्रसर हों।आभार ज्ञापन प्रमोद कुमार, प्रधानाचार्य राजकीय कन्या इंटर कॉलेज मेहलकी द्वारा किया गया, जिन्होंने आयोजन में सभी के योगदान की सराहना की।















