बांदा। जान बचाने के लिए जान की बाजी लगा देना इसे ही कहते हैं। थाना चिल्ला पुलिस ने रविवार देर रात साहस, सतर्कता और संवेदना की ऐसी मिसाल पेश की जिसकी पूरे क्षेत्र में चर्चा है। रात लगभग एक बजे चिल्ला पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पलरा में एक व्यक्ति पारिवारिक विवाद के चलते आक्रोश और मानसिक तनाव में आकर गांव के खेत में स्थित करीब 90 फीट गहरे कुएं में कूद गया है।सूचना मिलते ही समय गवाए बिना थानाध्यक्ष आनन्द कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।रात का अंधेरा, 90 फीट गहरा कुआं और सीमित संसाधन… लेकिन पुलिस के जवानों ने हार नहीं मानी।उ0नि0 कमल सिंह, हे0कां0 प्रेमपाल सिंह और कां0 अजय यादव ने ग्रामीणों के सहयोग से रस्सियों और कड़ी मशक्कत के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 4 घंटे तक चले इस अभियान में टीम ने धैर्य और हिम्मत का परिचय देते हुए व्यक्ति को सुबह करीब 5 बजे सकुशल बाहर निकाल लिया।बचाव के बाद एक पल भी देरी न करते हुए व्यक्ति को एंबुलेंस से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज बांदा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।चिल्ला पुलिस ने न सिर्फ कर्तव्यनिष्ठा दिखाई बल्कि मानवीय संवेदना की भी मिसाल कायम की। पुलिस की इस तत्परता से एक टूटते परिवार को उसका चिराग वापस मिल गया।स्थानीय लोगों ने चिल्ला पुलिस की इस बहादुरी और इंसानियत की दिल खोलकर सराहना की है।पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम जज्बे और लगन को देखते हुए टीम को बीस हजार रुपये के इनाम देने की बात कही है।























































