बांदा। बिसंडा थाना क्षेत्र के हस्तम गांव में खेलते समय हुए एक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। गांव के गहरे नाले में डूबने से 9-9 साल की दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।बच्चियां आपस में बुआ और मामा की बेटियां थीं। इनमें से एक बच्ची कुछ दिन पहले ही नरैनी क्षेत्र के दिवली गांव से बुआ के यहां हस्तम आई थी। दोनों बच्चियां घर के पास खेल रही थीं। इसी दौरान खेलते-खेलते वे गांव के पास स्थित गहरे नाले के पास पहुंच गईं और उसमें डूब गईं। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। घंटों की मशक्कत के बाद नाले में दोनों बच्चियों के शव तैरते हुए मिले। शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।सूचना पर बिसंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।























































