मुजफ्फरनगर में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली नगर पुलिस ने बामनहेड़ी जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोतवाली नगर पुलिस द्वारा बामनहेड़ी रोड पर चेकिंग की जा रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे न केवल रुके बल्कि पुलिस पर फायरिंग कर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया और कुछ दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाश पैदल भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग जारी रखी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरे को कॉम्बिंग के दौरान पकड़ लिया गया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से चोरी की दो बैटरियां, एक मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। पूछताछ में बदमाशों ने कबूल किया कि बैटरियां बुढ़ाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।















