औरैया , बिधूना कोतवाली पुलिस देर रात करीब दो बजे पसुआ पुल के पास चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान एक बाइक पर आता हुआ युवक दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन युवक पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर कच्चे रास्ते से भागने लगा। भागने के दौरान उसकी बाइक फिसल गई, जिससे वह सड़क पर गिर गया।

गिरने के बाद युवक ने अवैध तमंचे से पुलिस पर दो फायर किए। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और प्राथमिक उपचार के लिए उसे सीएचसी बिधूना में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसकी स्थिति सामान्य बताई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लवकुश, निवासी करहल थाना, मैनपुरी बताया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लवकुश के खिलाफ पहले से ही 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह एक पेशेवर अपराधी है। यह मुठभेड़ औरैया-बिधूना-अछल्दा मार्ग पर स्थित पसुआ पुल के पास हुई।















