अलवर कोतवाली थाना क्षेत्र के भैरु थाना मोहल्ला निवासी शीला देवी के घर में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर लाखों के गहने और नकदी चोरी कर ली।
शीला देवी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ 19 फरवरी की रात शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। घर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने चाबी पड़ोसी दुकानदार राजकुमार गुप्ता को सौंप दी थी। जब वे देर रात शादी से लौटे और राजकुमार गुप्ता से चाबी मांगी, तो उन्होंने बताया कि चाबी गुम हो गई है। इस पर शीला देवी अपनी बहू के घर दिल्ली दरवाजा जाकर सो गईं।20 फरवरी की सुबह पड़ोसी का फोन आया कि उनके घर का सामान बिखरा पड़ा है। जब शीला देवी घर पहुंचीं, तो देखा कि घर में चोरी हो गई थी। जांच करने पर पता चला कि चोर करीब 5 तोला सोना, आधा किलो चांदी और 50 हजार रुपए नकद ले गए। चोरी हुए गहने उनकी दोनों बहुओं के थे, जिससे परिवार में शोक का माहौल है।
गौर करने वाली बात यह है कि घर में ताले टूटे हुए नहीं मिले, बल्कि चोर ताले भी अपने साथ ले गए। चाबी राजकुमार गुप्ता के पास थी, लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि चाबी किसे दी या वह कैसे गुम हुई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।















