मुजफ्फरनगर। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर लायन्स क्लब मुजफ्फरनगर लक्ष्मी द्वारा कम्पनी गार्डन स्थित चिल्ड्रन पार्क में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें क्लब सदस्यों और अतिथियों ने मिलकर कुल 40 पौधों का रोपण किया। इस दौरान फूल, फल और छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए पौधारोपण किया और कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र के कारण मानव जीवन पर संकट गहराता जा रहा है, ऐसे में समाज के हर वर्ग को आगे आकर पर्यावरण की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने लायन्स क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है, तभी पौधारोपण का उद्देश्य सफल हो सकेगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने भी पौधारोपण कर अभियान को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और प्रदूषण जैसी गंभीर चुनौतियों से निपटने के लिए ऐसे प्रयास बेहद जरूरी हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएं और अपने आसपास हरियाली बढ़ाने में योगदान दें। लायन्स क्लब मुजफ्फरनगर लक्ष्मी के अध्यक्ष पंकज मोहन गर्ग ने बताया कि क्लब द्वारा समय-समय पर सामाजिक और पर्यावरणीय गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 18 से 26 अप्रैल तक क्लब का विशेष सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में क्लब के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।














