अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र के महल चौक में रहने वाले 41 वर्षीय दीपक राजपूत ने पत्नी से फोन पर अनबन होने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार, दीपक राजपूत अलवर में मामा फैक्ट्री में मजदूरी करता था। करीब एक सप्ताह पहले उसकी पत्नी विवाह समारोह में शामिल होने के लिए बिहार चली गई थी। दीपक भी उसके साथ जाना चाहता था, लेकिन पत्नी ने उसे साथ नहीं ले गई। वह कई दिनों से पत्नी को फोन कर वापस बुला रहा था, लेकिन जब पत्नी नहीं आई तो रात में दोनों के बीच फोन पर लंबी बातचीत हुई।
अगली सुबह जब परिजनों ने पहली मंजिल पर दीपक के कमरे का दरवाजा खोला तो वह पंखे से लटका मिला। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मृतक के भाई गौरी शंकर राजपूत के अनुसार, दीपक की शादी 10 साल पहले हुई थी और उसकी एक बेटी भी है, जिसे उसकी पत्नी अपने साथ ले गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।















