मुजफ्फरनगर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, मरीजों को मिला लाभ

मुजफ्फरनगर। जनपद के मेरठ रोड स्थित केशवदास शांति देवी लायंस चैरिटेबल ट्रस्ट के लायंस आई सेंटर में बुधवार को निःशुल्क नेत्र जांच एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों ने पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञों से परामर्श लिया। शिविर का शुभारंभ नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर किया। इस अवसर पर आई सेंटर के संस्थापक एवं शिविर आयोजक कुंजबिहारी अग्रवाल और संयोजक डॉ. अनुराधा वर्मा ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों, चिकित्सकों और मरीजों का स्वागत किया। शिविर में अनुभवी नेत्र विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार सैनी ने मरीजों की आंखों की बारीकी से जांच की और उन्हें आवश्यक चिकित्सा परामर्श प्रदान किया, साथ ही जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। शिविर के दौरान बुजुर्गों के साथ-साथ युवा और महिलाओं की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिली। कई ऐसे मरीज भी सामने आए, जिन्हें मोतियाबिंद की समस्या पाई गई और उन्हें आगे के उपचार व ऑपरेशन के लिए पंजीकृत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि इस प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा शिविर समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होते हैं।

उन्होंने नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि समय पर जांच और उपचार से गंभीर समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने ट्रस्ट और आई सेंटर की टीम द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की अपेक्षा जताई। शिविर के आयोजक कुंजबिहारी अग्रवाल ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक नेत्र जांच और उपचार की सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक तंगी के कारण इलाज से वंचित न रह जाए। इस दौरान सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया, वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. एमके बंसल, डॉ. मनोज काबरा, डॉ. विनय सिसौदिया, गिरीराजा माहेश्वर, नीलकमल पुरी, राजन अग्रवाल, मनोज जैन, अंकित संगल, आदित्य गुप्ता, रामकुमार गुप्ता, एमएस जरसर, नवनीत गुप्ता, अरविंद संगल और विशाल मल्होत्रा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts