मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मोरना में 91 जोड़ों का विवाह संपन्न.

मुजफ्फरनगर के मोरना क्षेत्र में शुक्रताल मार्ग स्थित लव पैराडाइज बैंकट हॉल में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें कुल 91 जोड़ों ने वैवाहिक बंधन में बंधकर अपने नए जीवन की शुरुआत की। इस आयोजन में 51 हिंदू और 40 मुस्लिम जोड़ों का विवाह विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया, जो सामाजिक समरसता और सौहार्द का प्रतीक बना। कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की ओर से प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को आर्थिक सहायता के रूप में 60 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गई, साथ ही 25 हजार रुपये मूल्य का गृहस्थी का सामान भी दिया गया, जिससे नवदंपत्तियों को अपने जीवन की शुरुआत करने में सहयोग मिल सके।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देश भूषण, जिला समाज कल्याण अधिकारी कमलेश दुबे, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अपराजिता आर्यन, ब्लॉक प्रमुख अनिल राठी, विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया पाल सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा एडीओ पंचायत योगेश्वर दत्त त्यागी, एडीओ समाज कल्याण प्रदीप चंदेल, एडीओ सुरेंद्र सिंह, भाजपा से रामकुमार शर्मा, मंडल अध्यक्ष अरुण पाल, अंकुल चंद शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।

विवाह समारोह को विधिवत सम्पन्न कराने के लिए पंडित प्रभात कौशिक, अर्पित कपिल, नीरज शर्मा और अमित वत्स ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न कराए, जबकि कारी शौकत अली अंसारी ने मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ाया। इस दौरान पूरे कार्यक्रम में उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा। आयोजन का संचालन आजादवीर सिंह द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे, जिन्होंने नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह आयोजन न केवल जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा बना, बल्कि समाज में एकता और भाईचारे का संदेश भी देता नजर आया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts