बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने अपनी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में आवेदन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) और प्रोफाइल क्रिएशन को अनिवार्य कर दिया है। अब किसी भी अभ्यर्थी को आयोग की परीक्षा में https://bpsc.bihar.gov.in ऑनलाइन आवेदन करने से पहले OTR पूरा करना होगा। बिना OTR के उम्मीदवार आवेदन फॉर्म भर ही नहीं पाएंगे। आयोग का कहना है कि इस नई व्यवस्था से बार-बार व्यक्तिगत जानकारी भरने की आवश्यकता समाप्त होगी और आवेदन प्रक्रिया में होने वाली त्रुटियों में भी कमी आएगी। इसके साथ ही अभ्यर्थियों का डाटा सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संग्रहीत रहेगा, जिससे भविष्य की भर्तियों में भी उन्हें सहूलियत मिलेगी।
आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर OTR की सुविधा शुरू कर दी गई है। अभ्यर्थियों को सबसे पहले BPSC की वेबसाइट पर जाकर ‘वन टाइम रजिस्ट्रेशन’ लिंक पर क्लिक करना होगा। पहले स्टेप में उम्मीदवार को अपना नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज कर रजिस्ट्रेशन करना होगा। मोबाइल और ईमेल पर प्राप्त ओटीपी को सत्यापित करने के बाद अकाउंट सक्रिय हो जाएगा। दूसरे स्टेप में अभ्यर्थी को अपनी शैक्षणिक योग्यता, जन्मतिथि, श्रेणी, स्थायी पता और अन्य आवश्यक व्यक्तिगत विवरण भरना होगा। सभी जानकारियां प्रमाण पत्रों के अनुसार सही-सही भरना अनिवार्य है।
तीसरे स्टेप में उम्मीदवार को अपनी हालिया पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज निर्धारित प्रारूप और साइज में अपलोड करने होंगे। दस्तावेज अपलोड करते समय आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना जरूरी है, अन्यथा आवेदन अस्वीकार हो सकता है। चौथे स्टेप में भरी गई सभी जानकारियों की सावधानीपूर्वक जांच करनी होगी। यदि किसी प्रकार की त्रुटि रह जाती है तो उसे इसी चरण में सुधारा जा सकता है। अंतिम और पांचवें स्टेप में ‘सबमिट’ बटन पर क्लिक कर OTR प्रक्रिया पूरी करनी होगी। सफल रजिस्ट्रेशन के बाद उम्मीदवार को एक यूनिक रजिस्ट्रेशन नंबर प्राप्त होगा, जिसका उपयोग भविष्य में सभी BPSC परीक्षाओं के आवेदन के लिए किया जाएगा।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि OTR केवल एक बार करना होगा, लेकिन प्रोफाइल में किसी बदलाव की स्थिति में अपडेट की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। BPSC ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें, ताकि तकनीकी दिक्कतों से बचा जा सके। नई व्यवस्था से आवेदन प्रक्रिया तेज, सरल और अधिक पारदर्शी होने की उम्मीद है, जिससे लाखों अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा।















