दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों में शामिल Nvidia के CEO जेनसन हुआंग इन दिनों चर्चा में हैं. उनका नाम चीन की कारोबारी महिला एलिस हुआंग से जुड़ा है. अमेरिकी जांच एजेंसियों को शक है कि जेनसन की गर्लफ्रेंड एलिस चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम करती थीं. आरोप है कि चीन ने उन्हें जेनसन हुआंग से जानकारी जुटाने और Nvidia की चिप बिक्री नीति को प्रभावित करने के लिए तैयार किया था. इस मामले के सामने आने के बाद Nvidia के बोर्ड ने जांच शुरू की है. इसी बीच जेनसन हुआंग ने अपनी पत्नी को धोखा देने की बात भी स्वीकार की है.
कौन हैं एलिस हुआंग?
एलिस हुआंग को हुआंग ले के नाम से भी जाना जाता है. वह चीन की नागरिक हैं और सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड में बड़े पद पर काम कर चुकी हैं. उनका Nvidia CEO जेनसन हुआंग से कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है. चीन के एक निजी निवेश फंड डेटाबेस में मौजूद जानकारी के मुताबिक, एलिस पहले हुनान टीवी और सरकारी चैनल CCTV में रिपोर्टर थीं. इसके बाद उन्होंने HSBC में प्राइवेट बैंकिंग डिपार्टमेंट के प्रमुख की सहायक के तौर पर काम किया. बाद में वह CITIC सिक्योरिटीज में वाइस प्रेसिडेंट बनीं.हालांकि, उनकी इस जानकारी पर सवाल भी उठे हैं. न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक, हुनान टीवी के एक अधिकारी ने उन्हें पहचानने से इनकार किया. अखबार को CCTV की वेबसाइट पर भी उनकी कोई प्रोफाइल नहीं मिली. एलिस शंघाई की कंपनी Hexi Investment Management में डायरेक्टर और फंड मैनेजर भी रह चुकी हैं. इस कंपनी का चीन की गेमिंग कंपनी 7Road से संबंध बताया जाता है.
कैसे जेनसन हुआंग से जुड़ा नाम?
जून 2024 में ताइवान की राजधानी ताइपे के एक बार में एलिस और जेनसन की तस्वीर सामने आई थी. दोनों वहां Gigabyte और NetThunder कंपनियों के अधिकारियों के साथ मौजूद थे. मई 2025 में भी एलिस को ताइपे के एक रेस्टोरेंट के बाहर जेनसन के पीछे खड़े देखा गया था. न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों को शक है कि चीन की खुफिया एजेंसी ने एलिस को जेनसन से जानकारी जुटाने के लिए तैयार किया था. चीन का मकसद Nvidia की एडवांस चिप चीन को बेचने की नीति को प्रभावित करना भी हो सकता था.
4.8 अरब डॉलर की चिप खरीद से बढ़ा शक
मेगास्पीड ने पिछले दो साल में Nvidia की 4.8 अरब डॉलर से ज्यादा की चिप खरीदीं. कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया में Nvidia की सबसे बड़ी ग्राहकों में शामिल है. इसकी कारोबारी जड़ें चीन की गेमिंग कंपनी 7Road से जुड़ी बताई जाती हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल में चीन को एडवांस चिप बेचने पर रोक लगाई गई थी. डोनाल्ड ट्रंप के सत्ता में आने के बाद जेनसन हुआंग ने इन पाबंदियों में ढील देने की मांग की थी.
ट्रंप और रुबियो ने क्या कहा?
ट्रंप ने 31 अक्टूबर को इस मामले को काफी पेचीदा बताया था. उन्होंने कहा कि जेनसन को वह हमेशा ईमानदार मानते आए हैं और प्रशासन इस मामले की गंभीरता से जांच करेगा. अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी कहा कि वह इस मामले पर टिप्पणी नहीं कर सकते. उन्होंने इसे Nvidia का अंदरूनी मामला बताया.
Nvidia ने अगस्त में 59.69 अरब डॉलर का तिमाही मुनाफा दर्ज किया था. कंपनी के बोर्ड ने जेनसन से जुड़े मामले की जांच शुरू की है. जेनसन जांच में सहयोग करेंगे और फिलहाल CEO बने हुए हैं. वहीं, चीन ने जासूसी के आरोपों को बेबुनियाद बताया है. सिंगापुर के गृह मंत्रालय ने भी एलिस को चीनी खुफिया एजेंसी का सूत्र मानने वाली रिपोर्ट को खारिज किया है. एलिस ने अब तक इन आरोपों पर सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है.















