मुजफ्फरनगर जनपद के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा टीबी उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत आज नगर की इंडियन मेडिकल एसोसिएशन शाखा द्वारा 60 टीबी मरीजों को प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों की पोषण पोटली वितरित की गई।
बालाजी चौक स्थित डॉक्टर सुनील चौधरी के नर्सिंग होम में पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील तेवतिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने संबोधित करते हुए कहा कि जनपद में टीबी की रोकथाम और उपचार को और अधिक सुलभ बनाने के लिए सरकारी संस्थाएं, जनप्रतिनिधि और बुद्धिजीवी वर्ग मिलकर अभियान चला रहे हैं। उन्होंने जनपद की आईएमए शाखा द्वारा निःक्षय मित्र बनकर रोगियों को पोषण सहायता प्रदान करने के कार्य की सराहना की।
जिला क्षयरोग अधिकारी डॉक्टर लोकेश गुप्ता ने जानकारी दी कि सरकार द्वारा टीबी मरीजों के पोषण को बेहतर बनाने हेतु इलाज के दौरान उनके खाते में तीन-तीन हजार रुपये की दो किस्तें दी जाती हैं। उन्होंने मीडिया के माध्यम से समाज के प्रबुद्धजनों, एनजीओ संस्थाओं और ग्राम प्रधानों से अपील की कि वे स्वयं निःक्षय मित्र बनें और अन्य लोगों को भी इस कार्य के लिए प्रेरित करें ताकि जनपद और प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने के अभियान में सफलता मिल सके।
इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन शाखा मुजफ्फरनगर के अध्यक्ष डॉक्टर सुनील चौधरी और सचिव डॉक्टर मनोज काबरा उपस्थित रहे।















