मुज़फ़्फरनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक के दौरान नगर विकास के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। मंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रस्ताव पर उन्होंने मुज़फ़्फरनगर नगर पालिका क्षेत्र के लिए “इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट प्लान” (IDP) तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। यह योजना नगर के समग्र विकास को लक्ष्य बनाकर तैयार की जाएगी, जिसमें नागरिकों की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बुनियादी सुविधाओं के आधुनिकीकरण को प्राथमिकता दी जाएगी।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जानकारी दी कि उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष नगर की वर्तमान भौगोलिक स्थिति, विस्तार और 6 लाख तक पहुंचती जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए एक समग्र विकास योजना की आवश्यकता रखी। उन्होंने कहा कि शहर में जल निकासी, ट्रैफिक प्रबंधन, बिजली आपूर्ति, सड़क विस्तार और व्यवसायिक विकास जैसे क्षेत्रों में तुरंत सुधार की आवश्यकता है। उनके अनुसार इस योजना में कई प्रमुख बिंदुओं को शामिल करने की मांग की गई है, जैसे रामपुरी से शहाबुद्दीनपुर होते हुए काली नदी तक नए नाले और STP प्लांट का निर्माण, पूरे नगर क्षेत्र में बिजली की अंडरग्राउंड केबलिंग, ट्रांसपोर्ट नगर के पास NH-58 पर नए रोडवेज बस अड्डे का निर्माण, खादी ग्रामोद्योग की भूमि पर PPP मॉडल के तहत मल्टीलेयर कॉम्प्लेक्स का विकास और शामली रोड का चौड़ीकरण व मोती झील पुल का निर्माण।
मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए स्पष्ट किया कि मुज़फ़्फरनगर जैसे ऐतिहासिक नगर को एक मॉडल शहर के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि नगर पालिका क्षेत्र के चहुंमुखी विकास हेतु एक आधुनिक और दूरदर्शी विकास योजना तैयार की जाए, जो आने वाले वर्षों में मुज़फ़्फरनगर को पश्चिम उत्तर प्रदेश का एक स्मार्ट और आत्मनिर्भर शहर बना सके।
मंत्री कपिल देव ने कहा कि यह निर्णय मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता और जनहित के प्रति उनकी गहन प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्मार्ट सिटी” और “आत्मनिर्भर भारत” के विजन की दिशा में एक निर्णायक कदम बताया। यह योजना निश्चित रूप से शहरवासियों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर मंत्री अनिल कुमार, बृजेश पुंडीर, जसवंत सैनी, विधायकगण, विधान परिषद सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















