मुजफ्फरनगर :एआरटीओ प्रवर्तन सुशील कुमार मिश्र का सख्त अभियान, ओवरलोड और अवैध वाहनों पर लाखों का जुर्माना

मुजफ्फरनगर। एआरटीओ प्रवर्तन सुशील कुमार मिश्र एक सुलझे हुए और कर्मठ अधिकारी के रूप में अपनी अलग पहचान बनाए हुए हैं। उनके कार्यकाल में परिवहन विभाग ने न सिर्फ राजस्व वृद्धि की दिशा में प्रभावी काम किया है, बल्कि सड़क सुरक्षा को लेकर भी सख्त और सतत अभियान चलाए गए हैं। अवैध डग्गामारी, ओवरलोडिंग और बिना परमिट चलने वाले वाहनों के खिलाफ उनके नेतृत्व में समय-समय पर कड़ी कार्रवाई कर स्पष्ट संदेश दिया जाता रहा है कि नियमों से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सुशील कुमार मिश्र की कार्यशैली की खासियत यह है कि वे प्रवर्तन के साथ-साथ जागरूकता पर भी बराबर जोर देते हैं। उन्होंने स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से स्कूलों और कॉलेजों में अनेक सेमिनार और गोष्ठियों का आयोजन कराया, जिनके माध्यम से युवाओं और आम लोगों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार ड्राइविंग के प्रति जागरूक किया गया। उनकी यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में अहम मानी जा रही है और उनकी कार्यप्रणाली की व्यापक स्तर पर सराहना होती रही है।

एआरटीओ प्रवर्तन अपने बेबाक अंदाज और पारदर्शी कार्यशैली के लिए भी जाने जाते हैं। वे हमेशा ईमानदारी को प्राथमिकता देते हुए बिना किसी दबाव के नियमों का पालन कराते हैं। यही कारण है कि शासन स्तर पर भी उन्हें अच्छे और प्रभावी अधिकारियों में शुमार किया जाता है। उनकी छवि एक ऐसे अधिकारी की है जो मैदान में रहकर काम करता है और हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करता है।

इसी क्रम में आज भी एआरटीओ प्रवर्तन द्वारा जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दो ओवरलोड वाहनों और बिना परमिट चल रहे दो बड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 2 लाख 45 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा 2 फरवरी से अब तक ओवर स्पीडिंग करने वाले करीब 150 वाहनों का चालान किया गया, जिनसे लगभग 3 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।

इस संबंध में एआरटीओ प्रवर्तन ने कहा कि ओवरलोड वाहन न केवल सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं, बल्कि सड़कों को भी भारी नुकसान पहुंचाते हैं। उन्होंने साफ कहा कि परिवहन नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। इस कार्रवाई से ओवरलोडिंग और अवैध खनन से जुड़े वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगेगा और नियमों का पालन सुनिश्चित होगा। एआरटीओ प्रवर्तन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मानकों का पालन करें, अन्यथा आगे और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts