ईरान संकट के बीच मुजफ्फरनगर प्रशासन सतर्क, 24 घंटे का इमरजेंसी कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर जारी

मुजफ्फरनगर। ईरान में उत्पन्न युद्ध जैसी स्थिति को देखते हुए जनपद मुजफ्फरनगर का जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। विदेशों में रह रहे या किसी कारणवश फंसे हुए जनपद के नागरिकों की सुरक्षा और उनके परिजनों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर की स्थापना की गई है। प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सूचना संकलन, समन्वय और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके, ताकि प्रभावित नागरिकों को समय रहते सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

जिला प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार हेल्पलाइन नंबर 9412210080 और 0131-2436918 के साथ-साथ राहत टोल फ्री नंबर 1077 को तत्काल प्रभाव से सक्रिय कर दिया गया है। इन नंबरों पर संपर्क कर विदेश में रह रहे व्यक्ति के परिजन उनकी वर्तमान लोकेशन, संपर्क विवरण और अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं। प्रशासन इन सूचनाओं को संकलित कर शासन स्तर पर संबंधित विभागों को भेजेगा, जिससे विदेश मंत्रालय और अन्य एजेंसियों के माध्यम से जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित रहेगा और यहां नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार प्राप्त सूचनाओं की मॉनिटरिंग करेंगे। किसी भी आपातकालीन सूचना को गंभीरता से लेते हुए उसे तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर विदेश मंत्रालय तथा दूतावासों से भी समन्वय स्थापित किया जाएगा, ताकि फंसे हुए नागरिकों की सुरक्षित वापसी या अन्य आवश्यक मदद सुनिश्चित की जा सके।

प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें। किसी भी आपात स्थिति या संदेह की स्थिति में सीधे हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि वह नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts