बांदा। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित द्वारा बांदा चित्रकूट लोकसभा सांसद कृष्णा देवी पटेल से जनपद की विभिन्न समस्याओं को लेकर बबेरू स्थित उनके आवास पर मुलाकात कर मांग पत्र सोपा गया है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित ने अपने मांग पत्र में सांसद कृष्णा देवी पटेल से मांग की कि केन नदी में बना हुए तटबंध जो काफी जर्जर हो चुका है। उसकी मरम्मत समय अनुसार कराई जाए क्योंकि जर्जर हालत में होने के कारण किसी भी समय टूट सकता है। जिससे बांदा शहर की बरसात के मौसम में बाढ़ आने से दर्जनों मोहल्ले और हजारों लोग उससे प्रभावित होते हैं। साथ ही प्राइवेट स्कूल मनमानी फीस वसूली कर रहे हैं। बच्चों को स्कूल से ही कॉपी किताबें आदि मनमानी रेट पर मुहैया कराई जाती है। अवकाश के दिनों में भी शुल्क लिया जाता है। प्रत्येक वर्ष बच्चों का पाठ्यक्रम बदल दिया जाता है। जिससे सभी अभिभावकों पर अतिरिक्त बोझ का सामना करना पड़ता है। इस पर अंकुश लगाया जाए। जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा खान ने बताया मेडिकल कॉलेज एवं जिला चिकित्सालय के अधिकांश डॉक्टर प्राइवेट प्रैक्टिस कर बांदा के मरीजों का शोषण कर रहे अपने क्लीनिक में उनको इलाज कराने के लिए मजबूर किया जाता है। साथ ही चिकित्सालय में पर्याप्त टेस्टिंग मशीन सुलभ नहीं है जिससे मरीजों को प्राइवेट में महंगे टेस्ट करवाने पड़ते हैं। जिला महिला चिकित्सालय में अधिकांश वार्डों में गंदगी रहती है। तामीरदार बरामदे में लेटने के लिए मजबूर हैं गर्मी का मौसम शुरू हो गया है। प्रत्येक वार्ड में कूलर एवं शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराई जाए। सांसद कृष्णा देवी पटेल द्वारा आश्वस्त किया गया कि मेरे द्वारा सभी स्थानों का निरीक्षण शीघ्र कर कार्रवाई की जाएगी।















