मुजफ्फरनगर में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल योजना के अंतर्गत दो दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित की गई। वितरण कार्यक्रम कैम्प कार्यालय, ड्रीम सिटी, बाईपास रोड, मुजफ्फरनगर में आयोजित हुआ। इस अवसर पर मीरापुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक मिथलेश पाल ने अपने कर कमलों से दोनों लाभार्थियों को ट्राईसाइकिलें प्रदान कीं। उल्लेखनीय है कि इन ट्राईसाइकिलों के लिए आवश्यक लाभार्थी अंश विधायक निधि से प्रदान किया गया है, जिससे दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रोत्साहन मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी दीक्षा उपाध्याय ने बताया कि विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के जीवन में सुविधा और सम्मान बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को गतिशीलता और स्वावलंबन प्रदान करना है। इस मौके पर ज्ञान प्रकाश, पूर्व प्रधान ग्राम जडवड़, और चन्द्रपाल, पूर्व प्रधान ग्राम जीवनपुरी सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने दिव्यांगजनों को शुभकामनाएं दीं और सरकार की इस पहल की सराहना की।















