मुजफ्फरनगर, नगर में सफाई व्यवस्था संभाल रही MI2C कंपनी पर सफाई कर्मियों द्वारा लगातार आरोप लगाए जा रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सुपरवाइजर, ड्राइवर, हेल्पर और सफाईकर्मियों को समय से वेतन नहीं मिल रहा, उनका ईपीएफ और ईएसआई का पैसा जमा नहीं किया जा रहा, साथ ही उन्हें वर्दी और दस्ताने जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं दी जा रहीं। इस कारण सफाई कार्य कई बार बाधित हो चुका है और कर्मचारी आए दिन हड़ताल पर जाते हैं।

नगर विधायक और प्रदेश सरकार में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग के स्वतंत्र प्रभार मंत्री कपिल देव से मिलकर सफाई कर्मियों ने अपनी समस्याएं रखीं और समाधान की मांग की। इन कर्मचारियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री ने तुरंत जिलाधिकारी उमेश मिश्रा को पत्र लिखा और फोन पर वार्ता कर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।मंत्री ने स्पष्ट किया कि जब तक कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक MI2C कंपनी के भुगतान पर रोक लगाई जाए। साथ ही, कंपनी के कार्यों की सख्त निगरानी, स्थलीय निरीक्षण और आवश्यक जांच कराने को कहा।
इस दौरान मंत्री ने जिलाधिकारी को पहले कार्यरत रही A2Z कंपनी का भी जिक्र किया और कहा कि उस कंपनी की तरह अब सफाई कर्मियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय या धोखाधड़ी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नगर पालिका और प्रशासन से आवश्यक कदम शीघ्र उठाने की मांग की ताकि सफाई कर्मियों को उनका हक मिल सके और नगर की सफाई व्यवस्था सुचारू रूप से जारी रहे।















