मुजफ्फरनगर में यातायात जागरूकता अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल चौबे व उनकी टीम लगातार लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति सचेत कर रही है। एसपी यातायात के नेतृत्व में टीएसआई इंद्रजीत सिंह और उनकी टीम स्कूलों, कॉलेजों और सड़कों पर उतरकर लोगों को सुरक्षित यातायात के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित कर रही है। इस अभियान के अंतर्गत सड़क पर चलने वाले चालकों को संकेतों और सुरक्षित यात्रा के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ टीएसआई इंद्रजीत सिंह मानवता की मिसाल भी पेश कर रहे हैं। उन्होंने कांवड़ यात्रियों को फल वितरित कर मुजफ्फरनगर की मेहमाननवाजी और प्रेम को अन्य राज्यों तक पहुंचाने का कार्य किया। इसी तरह, ट्रैफिक पुलिसकर्मी सड़कों पर खड़े होकर नागरिकों को नियमों की जानकारी दे रहे हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके।
पुलिस द्वारा समय-समय पर पंफलेट बांटकर भी लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाती है। इसके अलावा, स्कूलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें बच्चों और युवाओं को यातायात नियमों के प्रति सतर्क किया जाता है।
इसी क्रम में एसपी यातायात अतुल चौबे ने कई स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे स्कूल जाते समय समय पर घर से निकलें, ताकि बस पकड़ने के लिए जल्दबाजी में कोई दुर्घटना न हो। साथ ही, उन्होंने बस स्टॉप पर सावधानीपूर्वक बस में चढ़ने और उतरने, अनाधिकृत स्थानों से बस न पकड़ने, टेंपो व ई-रिक्शा में सुरक्षित तरीके से बैठने और सड़क पार करते समय हमेशा सतर्क रहने की सलाह दी।
यातायात पुलिस द्वारा लगातार किए जा रहे इन प्रयासों से शहर में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और लोग सुरक्षित यात्रा के महत्व को समझने लगे हैं।















