मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री एवं मुजफ्फरनगर सदर विधायक कपिल देव अग्रवाल ने विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मखियाली, चांदपुर और मँझेड़ा में बढ़ती प्रदूषण संबंधी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीणों, उद्योग संचालकों, प्रशासनिक अधिकारियों और प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में क्षेत्र में प्रदूषण की स्थिति, उसके कारणों और समाधान के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं और शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान ग्रामीणों ने वायु, जल और पर्यावरण प्रदूषण से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से रखा। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में संचालित कुछ औद्योगिक इकाइयों के कारण पर्यावरण प्रभावित हो रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इस पर कपिल देव अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्रवासियों के स्वास्थ्य, पर्यावरण और जीवन की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने क्षेत्र में संचालित पेपर मिलों सहित सभी औद्योगिक इकाइयों को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास प्रदेश और क्षेत्र की आवश्यकता है, लेकिन यह विकास पर्यावरण और जनस्वास्थ्य की कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। यदि किसी उद्योग द्वारा प्रदूषण नियंत्रण मानकों की अनदेखी की गई या ऐसी गतिविधियां पाई गईं जिनसे ग्रामीणों के स्वास्थ्य और पर्यावरण को नुकसान पहुंचे, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
राज्यमंत्री ने प्रदूषण नियंत्रण विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित निरीक्षण, सघन निगरानी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। प्रदेश सरकार स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।बैठक में पर्यावरण संरक्षण, भूजल और वायु गुणवत्ता में सुधार, औद्योगिक अपशिष्ट प्रबंधन तथा प्रदूषण नियंत्रण के प्रभावी उपायों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उद्योग संचालकों से पर्यावरणीय मानकों का पूर्ण पालन करने और सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेता जितेन्द्र कुच्छल, हरेंद्र पाल, अमित शास्त्री, विशाल, सुनील, वीरपाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, ग्रामीण और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
























































