मुजफ्फरनगर। थाना चरथावल क्षेत्र के गांव रोनी हरजीपुर के ग्रामीण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और गांव की पुश्तैनी भूमि पर कथित अवैध कब्जे के प्रयास का आरोप लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा भूमि को कब्जा मुक्त कराने की गुहार लगाई।
पीड़ित युवक ने बताया कि विवादित भूमि उनके परिवार की पुश्तैनी “दाद इलाही” जमीन है, जिस पर गांव के कुछ लोगों द्वारा जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार जमील पुत्र फिजू, कल्लू पुत्र मोमिन, आमिर खान पुत्र वकील, सुक्का पुत्र सकील और कादिर पुत्र सलीम सहित अन्य लोगों ने भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश और हरियाणा में भी गंभीर मामलों के मुकदमे दर्ज हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपित पक्ष का एक वीडियो भी कुछ समय पूर्व सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे गांव के कुछ लोगों पर लाठी-डंडों से हमला करते हुए दिखाई दिए थे। उस मामले में पुलिस ने कार्रवाई भी की थी। ग्रामीणों का कहना है कि फरवरी 2026 में पुलिस प्रशासन द्वारा उक्त लोगों से भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद वे दोबारा जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि पूर्व में भी भूमि विवाद को लेकर उनके साथ मारपीट की गई थी। उन्होंने बताया कि कब्जे के उद्देश्य से आरोपित पक्ष ने मुजफ्फरनगर न्यायालय में एक वाद दायर किया था, जिसे वर्ष 2012 में न्यायालय द्वारा निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद इलाहाबाद उच्च न्यायालय में दायर की गई अपील भी वर्ष 2013 में खारिज हो गई थी। पीड़ित पक्ष का दावा है कि वर्तमान समय में इस भूमि से संबंधित कोई भी मुकदमा किसी न्यायालय में विचाराधीन नहीं है।
इसके बावजूद आरोपित उन्हें अपनी भूमि की बाउंड्री कराने से रोक रहे हैं और लगातार दबाव बना रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। एसएसपी कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा विवाद उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।























































