मुज़फ्फरनगर/बुढ़ाना।उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा द्वारा दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के विरोध में शुक्रवार को बुढ़ाना में बनिया वैश्य समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज समाज के सैकड़ों लोगों ने तहसील परिसर पहुंचकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपते हुए मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि एक सरकारी बैठक के दौरान मंत्री ए.के. शर्मा ने अधिकारियों के समक्ष वैश्य समाज को अपमानित करते हुए “बनिए की दुकान” कहकर संबोधित किया, जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। सभा में मौजूद लोगों ने मंत्री के बयान की तीखी निंदा करते हुए माफी की मांग की और कहा कि यदि ऊर्जा मंत्री ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो वैश्य समाज व्यापक स्तर पर आंदोलन करेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में मनीष मित्तल, योगेश मित्तल, सुशील तायल, अमरीश बंसल, शिवराज गर्ग, नीरज गर्ग, रजनीश मित्तल, नितिन गोयल, अनूप गर्ग, पंकज गोयल, विपुल संगल, शरद गोयल, राकेश मित्तल, प्रवीण संगल, अवनीश मित्तल, तुषार कंसल, अर्चित सिंगल, गौरव अग्रवाल, अंजेश गर्ग, हर्षित मित्तल, अंशुल संगल, अरविंद संगल, महेश जैन, विनय गोयल, विपुल जैन, अंकित गर्ग, ओमप्रकाश सांवरिया वाले, प्रवेश जैन, शुभम जैन समेत समाज के कई प्रमुख लोग शामिल रहे।
सभा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वैश्य समाज देश की आर्थिक रीढ़ है और इस तरह की अमर्यादित टिप्पणी न केवल समाज का अपमान है, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित करती है।















