शाहपुर। आर्य समाज के तत्वावधान में श्रावणी मास के अवसर पर गांव गोयला में आयोजित हर घर यज्ञ एवं वेद प्रचार अभियान का सोहलवां दिन सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। यह आयोजन टारगेट ओलंपिक एकेडमी सोरम (पहलवान अखाड़ा परिसर) में सम्पन्न हुआ, जिसकी व्यवस्था एकेडमी के संचालक पहलवान निर्दोष बालियान द्वारा की गई।
यज्ञ का संचालन आचार्य सुरेंद्र सिंह आर्य ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया, जिसमें उनके सहायक जय प्रकाश आर्य रहे। इस अवसर पर प्रवीण कुमार सपत्नीक यजमान के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एकेडमी के पहलवानों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने आहुति अर्पित कर पुण्य अर्जित किया।
आचार्य सुरेंद्र सिंह आर्य ने यज्ञ को जीवन का श्रेष्ठ कर्म बताते हुए इसे प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक बताया। मास्टर कृष्णपाल आर्य ने अपने वक्तव्य में माता-पिता के त्याग को सर्वोपरि मानते हुए उनके सम्मान को जीवन का मूल बताया। वहीं मा. धीर सिंह आर्य ने आहार, विचार, व्यवहार और आचार को जीवन के चार आधार स्तंभ बताते हुए सात्विक भोजन, सकारात्मक सोच, मधुर व्यवहार और उच्च चरित्र को श्रेष्ठ जीवन के लिए अनिवार्य बताया।
कार्यक्रम में करणवीर सिंह, जितेंद्र सिंह बालियान, अशोक बालियान, विक्की चेयरमैन, यशपाल, सहस्रपाल आर्य, जयपाल आर्य, मास्टर सुरेंद्र सिंह आर्य सहित कई गणमान्य जन उपस्थित रहे।















