रोटरी क्लबों की पहल से मुज़फ्फरनगर में मेगा मेडिकल चेकअप एवं रक्तदान शिविर,

मुज़फ्फरनगर। रीजन मुज़फ्फरनगर एवं खतौली के तत्वावधान में रोटरी भवन, सर्कुलर रोड, मुज़फ्फरनगर में आयोजित मेगा मेडिकल चेकअप एवं रक्तदान शिविर का आयोजन अत्यंत सफल और सराहनीय रहा। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग को निःशुल्क और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा, जिसमें रोटरी क्लबों के सदस्यों ने मानव सेवा की भावना के साथ सक्रिय सहभागिता की। शिविर के दौरान लगभग 250 से 300 मरीजों ने विभिन्न चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ उठाया, जबकि करीब 35 यूनिट रक्तदान भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस मेगा मेडिकल कैंप में नेत्र रोग, त्वचा रोग, हड्डी रोग, हृदय रोग, पेट रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी), जनरल सर्जरी, बाल रोग, छाती रोग, बीपी एवं शुगर से संबंधित बीमारियों की निःशुल्क जांच की गई। इसके साथ ही शुगर, ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन और रक्त से जुड़ी अन्य आवश्यक जांचें भी की गईं। शिविर में पहुंचे मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के साथ-साथ आवश्यक दवाइयों का भी निःशुल्क वितरण किया गया, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिली।कार्यक्रम की सराहना करते हुए डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सीए नितिन अग्रवाल ने सभी सहयोगी रोटरी क्लबों के प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज के प्रति रोटरी की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इसे समाजहित में एक अनुकरणीय पहल बताया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

शिविर में रीजनल कोऑर्डिनेटर रोटेरियन अनिल सोपती, प्रोटोकॉल ऑफिसर रोटेरियन सुनील अग्रवाल, असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन नियम शर्मा, प्रशांत जैन, रविंद्र सिंह एवं अलित जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाएं प्रोजेक्ट चेयरमैन रोटेरियन विकास भार्गव एवं रोटेरियन डॉक्टर नितिन जैन के कुशल नेतृत्व और बेहतर समन्वय में संपन्न हुईं।सभी रोटरी सदस्यों, चिकित्सकों, रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों के सहयोग से यह मेगा मेडिकल कैंप सुव्यवस्थित, सफल और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। स्थानीय नागरिकों ने भी इस आयोजन की सराहना करते हुए रोटरी क्लबों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यों की अपेक्षा जताई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts