मुजफ्फरनगर में पीसीएस परीक्षा-2024 की तैयारियों के संबंध में लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित बैठक में समन्वय प्रवेक्षक प्रकाश चंद और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सभी संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। बैठक में यह सुनिश्चित किया गया कि परीक्षा केंद्रों पर सभी व्यवस्थाएं सही ढंग से की जाएं।

परीक्षा में नकल रोकने के लिए आयोग द्वारा जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा, और परीक्षा केंद्रों पर बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में परीक्षा पूरी होगी और परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पानी, फर्नीचर तथा शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। जिलाधिकारी ने 20 दिसंबर तक कैमरे लगाने के निर्देश दिए। पीसीएस परीक्षा 22 दिसंबर 2024 को 22 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप, जिला विद्यालय निरीक्षक, एसडीएम, केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट, और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।















