औरैया के मुख्य विकास अधिकारी राम सुमेर गौतम ने विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में ई-ऑफिस प्रणाली का शुभारंभ किया। इस प्रणाली के माध्यम से अब आगामी समय में सभी पत्रावलियां प्रस्तुत की जाएंगी। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को डिजिटल सिग्नेचर, निकनेट कनेक्शन, वीपीएन, और वर्कफ्लो तैयार करने जैसे कार्य पूरे करने होंगे, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप पत्रावलियों का संचालन ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से किया जा सके।
उन्होंने बताया कि इस प्रणाली का मुख्य उद्देश्य कार्यालयों को पेपरलेस बनाना और शासकीय कार्यों में गति लाना है। ई-ऑफिस के माध्यम से किसी भी समय पत्रों और फाइलों पर कार्य किया जा सकता है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने दो फाइलों को ई-फाइल के जरिए अनुमोदन भी किया। कार्यक्रम में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी पवन तिवारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्या, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विपिन पाल, अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी पंकज कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी विनायक शर्मा, और डीसी मनरेगा राम दुलार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।















