अलवर जिले के बड़ौदा मेव थाना क्षेत्र के खेड़ला गांव में एक विवाहिता के साथ मारपीट के बाद उसके पीहर पक्ष के लोगों पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस हमले में एक महिला को गंभीर हालत में सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, अलवर के 200 फीट रोड निवासी हसीना की पुत्री जमशीदा का विवाह बड़ौदा मेव स्थित खेड़ला निवासी बादल के साथ हुआ था। शनिवार दोपहर जमशीदा की सास, जो कि एक स्कूल में रसोई का काम करती है, ने घर से खाना मंगवाया। लेकिन रोजा रखने के कारण जमशीदा स्कूल नहीं जा पाई। इसी बात को लेकर उसके ससुर सकुर, ताई ससुर मन्नू सहित अन्य लोगों ने उसके साथ जमकर मारपीट की।
सूचना मिलने पर जब जमशीदा की मां हसीना, पिता जमशेद और भाई इलियास पहुंचे तो उन पर भी लाठी-फरसी से हमला कर दिया गया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हमले में हसीना को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे सामान्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है, और जांच जारी है।















