मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के अध्यक्ष मनीष चौधरी के साथ सैकड़ों युवाओं ने जुड़ने का फैसला किया है। ये सभी अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता थे, जिन्होंने संगठनों के शीर्ष पदाधिकारियों पर अवैध वसूली और समाज विरोधी नीतियों का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया।
पाल धर्मशाला में आयोजित बैठक में मनीष चौधरी ने इन सभी युवाओं का स्वागत किया और कहा कि भगवा के नाम पर धर्म को बदनाम करने वालों के खिलाफ संघर्ष किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धर्म की रक्षा के नाम पर युवाओं का भविष्य खराब नहीं होने दिया जाएगा और समाज को एकजुट कर सकारात्मक कार्य किए जाएंगे।
इस मौके पर सतेंद्र सौदाई एडवोकेट ने बताया कि संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यकर्ताओं पर धर्म के नाम पर अवैध वसूली का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर कुछ को संगठन से निकाल दिया गया और कुछ को चेतावनी दी गई। इससे आहत होकर इन युवाओं ने संगठन छोड़ने का निर्णय लिया और अब मनीष चौधरी की टीम के साथ मिलकर समाज और धर्म की रक्षा के लिए कार्य करेंगे।
इस कार्यक्रम में अंकित चौहान, नरेंद्र सैनी, अंकित पुरकाजी, निखिल, सचिन कश्यप, हिमांशु सैनी, गौरव कुमार, सागर कश्यप, सौरव, निखिल बजरंगी, आयुष शर्मा, कार्तिक, प्रिंस, नरेंद्र कुमार, दिनेश सैनी, शिव सैनी, मिंटू सैनी, मामचंद मलिक, शिवम, शेखर, राहुल, अमित, शंकर, कपिल, अमर सहित सैकड़ों युवाओं ने मनीष चौधरी की टीम का हिस्सा बनने का संकल्प लिया।
मनीष चौधरी ने चेतावनी दी कि यदि कोई संगठन भगवा के नाम पर अवैध वसूली में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ आंदोलन किया जाएगा और राजनीतिक संरक्षण देने वालों का भी विरोध किया जाएगा।















