मुजफ्फरनगर के विकास खंड चरथावल में मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 91 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिसमें 61 हिन्दू वर-वधू तथा 30 मुस्लिम वर-वधू शामिल रहे। कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक समरसता, आर्थिक सहयोग और बेटियों के सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मंत्री अनिल कुमार की अध्यक्षता में यह आयोजन संपन्न हुआ। इस दौरान मंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद और समृद्ध वैवाहिक जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह योजना समाज के सभी वर्गों को सम्मान, सुरक्षा और खुशियों से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बन रही है।
इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक कराया जा रहा है, जिससे परिवारों को आर्थिक सहारा भी मिलता है और समाज में सकारात्मक संदेश भी जाता है। कार्यक्रम में विवाह की सभी पारंपरिक और धार्मिक रस्में विधि-विधान के साथ संपन्न कराई गईं। हिन्दू और मुस्लिम दोनों समुदायों के जोड़ों के विवाह उनके-अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराए गए, जिससे सामाजिक सद्भाव और एकता का संदेश भी देखने को मिला। विवाह के बाद सभी नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया गया तथा उन्हें मिष्ठान वितरित कर विदा किया गया। आयोजन स्थल पर परिवारों और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौजूद रही, जिन्होंने नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अक्षय पुंडीर, जिला अध्यक्ष संजय राठी, मनोज कश्यप, ब्लॉक प्रमुख बकरा गौरव चौधरी, जसवीर चेयरमैन, विपुल त्यागी, खंड विकास अधिकारी चरथावल प्रवीण कुमार, एडीओ सहित विकास खंड का समस्त स्टाफ, क्षेत्र के प्रधानगण तथा अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस योजना को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए सरकार की पहल की सराहना की।कार्यक्रम का समापन नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं और उपहार प्रदान कर किया गया। इस आयोजन ने न केवल कई परिवारों की जिम्मेदारी को आसान बनाया बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को भी मजबूत करने का काम किया।















