मिशन शक्ति 5.0 के तहत मुजफ्फरनगर पुलिस की बड़ी सफलता, 28 लाख के 144 खोए मोबाइल बरामद कर स्वामियों को लौटाए

मुजफ्फरनगर में पुलिस की सर्विलांस सेल ने मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत सराहनीय कार्य करते हुए करीब 28 लाख रुपये कीमत के 144 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। नवरात्रि सप्ताह के शुभ अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके मालिकों को सुपुर्द किए। इस कार्रवाई से मोबाइल स्वामियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने पुलिस के इस प्रयास की जमकर सराहना की। अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सर्विलांस सेल राजीव कुमार के नेतृत्व में सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कार्य किया।

जनपद में नागरिकों के खोए या गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पिछले तीन महीनों में सर्विलांस सेल ने भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल और आधुनिक तकनीक की मदद से मोबाइल फोन की ट्रेसबिलिटी का पता लगाया। इसके आधार पर बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से कुल 144 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस टीमों ने तकनीकी जानकारी और नेटवर्क के माध्यम से इन मोबाइल फोन को ट्रेस कर सफलतापूर्वक कब्जे में लिया और उनके वास्तविक स्वामियों की पहचान कर उन्हें वापस सौंपा।मोबाइल फोन वापस मिलने पर विशेष रूप से महिला स्वामियों ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए पुलिस का आभार जताया। महिलाओं ने बताया कि मोबाइल उनके दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और उसके खो जाने से काफी परेशानी होती है, लेकिन पुलिस के प्रयास से उन्हें अपनी संपत्ति वापस मिल सकी। उन्होंने कहा कि इस पहल से उनके मन में सुरक्षा और विश्वास की भावना और अधिक मजबूत हुई है, जो मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को भी मजबूत करता है।पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में विश्वास बढ़ा है और लोगों ने इसे जनहित में किया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है। जनपद में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की चारों ओर सराहना हो रही है और लोगों को उम्मीद है कि भविष्य में भी इसी तरह गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान जारी रहेगा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts