खालापार में कानून-व्यवस्था की मिसाल बने थाना प्रभारी महावीर सिंह

मुजफ्फरनगर के खालापार क्षेत्र में थाना प्रभारी महावीर सिंह ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था की एक ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी चर्चा न केवल आमजन के बीच, बल्कि प्रशासनिक हलकों में भी हो रही है। अपराध नियंत्रण, जनता की सुनवाई और शांत, सौम्य नेतृत्व—इन तीन स्तंभों पर आधारित उनकी कार्यशैली ने क्षेत्र की तस्वीर ही बदल दी है।खालापार कोतवाली में उनके नेतृत्व में पिछले एक साल में न कोई हत्या हुई, न ही कोई लूट या डकैती जैसी संगीन वारदात। चौदह मुठभेड़ों में बदमाशों को कानून का पाठ पढ़ाया गया, साथ ही क्षेत्र में किसी भी धरना-प्रदर्शन या सार्वजनिक अव्यवस्था जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। यह बदलाव अचानक नहीं आया, बल्कि दूरदर्शी और सतर्क पुलिसिंग का परिणाम रहा।महावीर सिंह की कार्यशैली की विशेषता है उनकी स्पष्ट नीति—जनसुनवाई में संवेदनशीलता और अपराध के प्रति सख्ती। उनका थाना केवल शिकायत दर्ज करने की जगह नहीं, बल्कि संवाद, समाधान और संवेदना का केंद्र बन गया है। वे खुद थाना परिसर में नियमित रूप से मौजूद रहते हैं, हर फरियादी को व्यक्तिगत रूप से सुनते हैं और तत्काल कार्यवाही करते हैं। इसका असर यह हुआ कि अब आम नागरिक बिना किसी झिझक के पुलिस से संपर्क करते हैं।उनका व्यक्तित्व भी उनकी लोकप्रियता का एक बड़ा कारण है। शांत, संयमित, लेकिन अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख रखने वाले महावीर सिंह को क्षेत्र के लोग सम्मान की दृष्टि से देखते हैं। वे समाज को जोड़ने की पहल करते हैं और सामाजिक समरसता का वातावरण बनाए रखते हैं। पूर्व में वे शहर कोतवाली में भी सेवाएं दे चुके हैं और वहां भी उनके कार्यकाल को सराहा गया था। जब पुलिसिंग को लेकर समाज में कई तरह की धारणा बनी हुई है, ऐसे समय में महावीर सिंह जैसे अधिकारी उम्मीद और विश्वास का प्रतीक बनकर सामने आए हैं। उन्होंने यह सिद्ध किया है कि यदि नीयत साफ हो, कार्यशैली पारदर्शी हो और दृष्टिकोण जनहित में हो, तो हर थाना एक आदर्श बन सकता है। उनका यह कार्यकाल ईमानदार, निष्ठावान और समर्पित का उदाहरण है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts